Jharkhand: चतरा में होमगार्ड बहाली पर हंगामा, अभ्यर्थियों ने लगाए अनियमितता के आरोप; अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
चतरा में होमगार्ड बहाली के दौरान अभ्यर्थियों ने अनियमितता और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। दौड़ प्रक्रिया और अंक नहीं दिखाने पर विवाद बढ़ा। डीसी ने निष्पक्ष जांच और पारदर्शी प्रक्रिया का आश्वासन दिया।
विस्तार
चतरा जिले में चल रही होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर सोमवार को समाहरणालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी शिकायतों के साथ उपायुक्त कीर्ति श्री से मिलने पहुंचे और बहाली प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाए।
बताया जा रहा है कि पत्थलगड्डा प्रखंड में आयोजित दौड़ प्रक्रिया के दौरान विवाद सामने आया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़ पूरी नहीं कराई गई, जिससे कई उम्मीदवारों को नुकसान हुआ। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि दौड़ के तुरंत बाद अंक नहीं दिखाए जाते, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
कुछ अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी लोग कुछ कर्मियों के साथ मिलकर अयोग्य उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इन आरोपों के बाद मौके पर आक्रोश बढ़ गया और अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को संभालने में प्रशासनिक कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हंगामे के बीच उपायुक्त कीर्ति श्री ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शांत कराया।
पढ़ें: रामगढ़ में वारदात से पहले ही साजिश का पर्दाफाश, राहुल दुबे गैंग के सात अपराधी गिरफ्तार
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि होमगार्ड बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संचालित की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या पक्षपात की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखी जाए और अभ्यर्थियों को उनके प्रदर्शन व अंक की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी शिकायत की जानकारी सीधे अधिकारियों को दें। वहीं, अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष बहाली प्रक्रिया की मांग दोहराई है।